CityDigital MediaHealthMediaNewsNewspaperSocialStateUttarakhandVisualWeb
Trending

त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी पर प्रशासन सख्त, चंबा में 10 खाद्य नमूने लिए

मिठाई, अनाज उत्पाद, दही समेत अन्य खाद्य सामग्री की हुई जांच; नमूने प्रयोगशाला भेजे, मानक फेल होने पर होगी कार्रवाई

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में त्यौहारी सीजन के दौरान खाद्य पदार्थों, विशेषकर मिठाइयों एवं अन्य खाद्य सामग्री में मिलावट की रोकथाम तथा आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक निरीक्षण एवं सैंपलिंग अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने संबंधित अधिकारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने तथा मिलावटखोरी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

‎जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जिला पूर्ति विभाग, पुलिस विभाग एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने चंबा बाजार में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों, मिठाई की दुकानों, डेयरी एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। टीम ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता, रख-रखाव एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच करते हुए 10 खाद्य नमूने संग्रहित किए। इनमें मिठाई के 4, अनाज उत्पाद के 3, दही का 1 तथा अन्य खाद्य पदार्थों के 2 नमूने शामिल हैं। सभी नमूने जांच के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

‎सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रमोद रावत ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं सैंपलिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। जांच में नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

‎खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में मूल्य सूची चस्पा करने तथा स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, उपभोक्ताओं से भी मिठाई एवं अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता, स्वच्छता और पैकेजिंग की जानकारी पर विशेष ध्यान देने की अपील की गई है।

‎इसके अतिरिक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, टिहरी द्वारा दो होटलों में कालातीत खाद्य सामग्री पाए जाने के संबंध में न्याय निर्णयन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी के न्यायालय में वाद दायर किया गया है।

‎संयुक्त निरीक्षण टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी शारदा शर्मा, आपूर्ति निरीक्षक रवि राणा तथा पुलिस विभाग से कांस्टेबल सतीश एवं सहायक श्रीचंद शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}