
हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत एक बार फिर अपने सोशल मीडिया बयान को लेकर विवादों में घिर गई हैं। गांधी परिवार के सदस्यों की मौत और सोनिया गांधी के राजनीतिक सफर को लेकर कथित टिप्पणी करने के मामले में उनके खिलाफ शिमला में FIR दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कंगना की सोशल मीडिया पोस्ट से गांधी परिवार के बारे में भ्रामक धारणा बन सकती है और इससे सार्वजनिक माहौल प्रभावित होने की आशंका है।
समाचार एजेंसी PTI की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की उन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, जो विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य फैलाने, सार्वजनिक उपद्रव या शरारत को बढ़ावा देने वाले बयान और मानहानि से संबंधित हैं।
यह विवाद उस सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़ा है, जिसे कंगना रनौत ने मंगलवार को साझा किया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और कांग्रेस नेता संजय गांधी की मौत का उल्लेख करते हुए सोनिया गांधी के राजनीतिक उत्थान से उनकी तुलना की गई थी। हालांकि, इन आरोपों पर कंगना रनौत की ओर से FIR दर्ज होने तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।






