
उत्तराखंड में पंचायत चुनावों को लेकर उच्च न्यायालय के निर्णय पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस ने कहा है कि जनता की भावना थी कि भाजपा द्वारा किया गया ज़ीरो रोस्टर रद्द हो और पिछड़े, वंचित, महिला वर्ग को उनका हक़ फिर से मिले।
प्रदेश कांग्रेस महामंत्री श्री नवीन जोशी ने कहा कि भाजपा सरकार ने आरक्षण को ख़त्म करने और लोकतंत्र की मूल आत्मा को चोट पहुँचाने का प्रयास किया, जिससे गांव की आवाज़ दबाई गई और सामाजिक न्याय पर कुठाराघात हुआ।
कांग्रेस नेता नवीन जोशी ने कहा कि कांग्रेस सरकार में न केवल पंचायतों को समय पर चुना जाएगा, बल्कि हर वर्ग को उसका अधिकार और प्रतिनिधित्व मिलेगा। “कांग्रेस न केवल चुनाव में उतरेगी, बल्कि पंचायतों में सामाजिक संतुलन और आरक्षण का सम्मान भी बहाल करेगी। भाजपा का ज़ीरो रोस्टर बंद दरवाज़ों की साज़िश थी – कांग्रेस उसे गांव की चौपालों में जवाब देगी।”
कांग्रेस का संदेश जनता से:
• भाजपा ने ज़ीरो रोस्टर लाकर आरक्षण को मिटाने की कोशिश की
• कोर्ट ने समय की बचत के लिए पुरानी स्थिति में चुनाव के आदेश दिए
• कांग्रेस चुनाव के बाद इस अन्याय को ठीक करेगी – आरक्षण की पुनर्बहाली कर
• यह चुनाव सत्ता नहीं, सामाजिक न्याय के लिए है
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने सभी संगठनात्मक इकाइयों को निर्देश दिए हैं कि वे जनता से संवाद करते हुए भाजपा की नीयत और कांग्रेस की नीति का भेद स्पष्ट करें और चुनाव में भाजपा को सबक सिखाने के जनता के बीच पूरी ताकत के साथ उतरे।